shabd-logo

#प्रेमजाल

19 अप्रैल 2016

162 बार देखा गया 162


‪#‎प्रेमजाल‬

उसका आईने मे खुद को निहारना और मेरा चोरी चोरी उसे निहारना प्रतिदिन की बात थी। उसके मन मे मेरे प्रति क्या विचार थे, मै कभी नही समझ सका। शायद मुझे वह कुछ भी नहीं समझती थी, इग्नोर करती थी वह मुझे।

मेरा होना ना होना उसके लिए बराबर था। उसके लिए मेरी हैसियत उस कमरे मे टंगे कलेंडर, टेबल, आधे खाली पाउडर के डब्बे या वैसलिन की भरी हुई शीशी आदी से अधिक नहीं थी।

नाम क्या था उसका, मालूम नहीं मुझे। मैं उसे चुनमुन कहा करता था। उन दिनों चुनमुन का नियमित मेरे कमरे से आना जाना होता था। खिड़की के पास बड़े से आईने मे स्वयं को निहारना उसकी दिनचर्या थी।

उसका आना दिन मे दस बजे के आस पास होता था। उस समय घर पर मेरे और माँ के अलावा कोई नहीं होता था। बाबूजी दफ्तर चले जाते थे, छोटे भाई बहन स्कूल चले जाते थे, माँ हमेशा की तरह भोजन बनाने, घर संभालने मे व्यस्त। लगता है अनंत काल से माँ सबकी देखभाल कर रही है, ईश्वर माँ को यह काम सौंपकर खुद छुट्टी पर बैठ गए है।

मै बीए का छात्र था। हमारे कॉलेज मे चालीस चालीस साल के वरिष्ठ छात्र पढ़ते थे। जिनका काम कॉलेज बंद, धरना प्रदर्शन, हरिजन, आदिवासी, दलित, अगड़ो पिछड़ो की लड़ाई, लड़कियो से दोस्ती गाँठना, शहर मे गुंडागर्दी करना आदि होता था। लगभग हर दूसरे दिन पठनपाठन गतिविधिया ठप्प रहती थी। मण्डल आयोग का भूत उस काल मे ही जन्मा था।

मै पढ़ाई और लड़ाई दोनों मे ही फिसड्डी था। कॉलेज न जाकर घर पर ही रहकर रेल्वे की तैयारी करता रहता। मोबाइल, कम्प्युटर आदि का जमाना नहीं था।

वह पहली बार मेरे कमरे कब आई थी, मुझे याद नहीं है। एक छोटी सी गौरैया थी चुनमुन। एकदम छोटी सी, एक मुटठी मे समा जाने लायक थी। अभी अभी ही तरूण हुई थी शायद। अपनी आंखो मे सारा संसार रखती थी। वह धीरे से आती, खिड़की पर बैठ जाती, कमरे को निहारकर उड़ जाती।

एक दिन, सारी वर्जनाये, मर्यादाये, तोड़ते हुए, प्राणो की, आत्मसम्मान की परवाह न करते हुए वह कमरे मे, मेरे संसार मे घुस आई, कुछ समय व्यतीत कर लौट गई। तब पहली बार किताब से सिर निकालकर देखा था उसे।

धीरे धीरे वह रोज़ आने लगी थी। दो क्षण मे वह सारे कमरे का मुवायना कर लेती और फिर फुर्र से एक छोटी छलांग लगाती और आईने के सामने, पाउडर के डिब्बे पर बैठ जाती। आईने के अंदर बैठी गौरैया से आंखे मिलाती। शायद दोस्ती करना चाहती थी चुनमुन उससे।

पाउडर के डिब्बो के छिद्रो मे नाखून फसा कर संयत होने बाद दोनों गौरैया का वार्तालाप शुरू होता।

चुनमुन पहले शांति से उसे बुलाती :- " चु... चु.... "

आईने के अंदर बैठी गौरैया उसी अंदाज़ मे कहती :- " चु... चु...."

चुनमुन अपनी बात का दोहराये जाने से चिढ जाती, गौरैया को प्यार से समझाते हुए चेतावनी देती:- " चु..... चु.... चु..... चु..... "

आईने वाली गौरैया उसी तेवर मे उत्तर देती:-" चु..... चु.... चु..... चु..... "

दो तीन बार यह दुहराया जाता। दोनों ओर गुस्सा, नाराजगी, शिकायते आदी समान रूप से बढ़ती जाती।

चुनमुन पूरे ज़ोर से ची...ची... चिही... चीही ...चूहु ...चूहु .ची.....ची..... कर अंतिम चेतावनी जारी करती, पर दुश्मन की ओर से भी से भी ऐसी ही चेतावनी आती। हालात, बहुत बिगड़ जाते। संधि और शांति की सभी संभावनाये समाप्त और युद्ध अवश्यंभावी होता जा रहा था।

चुनमुन युद्ध की रणनीति बनाती। उसकी रणनीति हमेशा तेजी से उड़कर ऊपर जाने और दुगने तेजी से नीचे आते हुए शत्रु को बचने का मौका न देते हुए हमला करने की होती।

अंतिम एक बार पूरे पंख फैलाकर शत्रु को अपना रौद्ररूप दिखाया जाता। यह शांति स्थापना का अंतिम प्रयास होता। परंतु दूसरी ओर से भी यही रूप दिखाया जाता है । कोई किसी से कम नहीं है। शांति के सारे प्रयास विफल, अंतिम विकल्प युद्ध ही बचता था।

चुनमुन पाउडर के डुब्बे से कूद कर विक्स की शीशी पर बैठ जाती। उस पर पंजो को जमाने मे आसानी होती थी और कम ऊंचाई के कारण अधिक तेज और विस्फोटक उड़ान भरी जा सकती थे ...

अपनी रणनीति अनुसार चुनमुन तेजी से उड़ान भरकर ऊपर पहुची... मगर यह क्या शत्रु गौरैया भी पूरी तरह तैयार थी। गौरैया भी चुनमुन की तरह उड़ान भरते हुए उसे बराबर की टक्कर देती, आँख से आँख, चोंच से चोंच मिलाते हुए सीमा पर ही रोक देती। दोनों अपनी अपनी सीमाओ पर ठहरे हुए नीचे की ओर फिसलते जाते है। पंख फड़फड़ा कर संतुलन बनाते हुए दोनों अपनी अपनी वैसलिन की शीशी पर बैठ जाती। पहला हमला बेकार गया। कोई बात नहीं फिर हमला होता है ।

युद्ध का कोई नतीजा न निकलते देख चुनमुन अंत मे शान्ति का फैसला करती है। अपने हथियार दुरुस्त कर, दुश्मन से बाद मे निपटा जाए, यही सोचते सोचते नेत्रो से शांति प्रस्ताव गौरैया को भेजा जाता।

चुनमुन अपनी आंखे बड़ी बड़ी कर उसे पुनः डराने का प्रयास करती, चोंच को टेढ़ा मेढ़ा दाये बाए घूमा कर समझाती। दोनों मे कुछ कूटनीतिक वार्ता होती। चुनमुन फुर्र से खिड़की से बाहर चली जाती। दोपहर बारह बजे के लगभग फिर लौटती। शांति, मित्रता, प्रेम, युद्ध आदी प्रकरण एक बार पुनः होते है।

मां तब तक कमरे का एक चक्कर लगाती सबकुछ दुरुस्त करती। खिड़की बंद करती और खेल खतम हो जाता। अगले दिन फिर यही प्रक्रिया और प्रतिक्रिया होती ।

मुझे वह बहुत अच्छी लगने लगी थी। मै उसकी प्रतीक्षा मे रहता था। उसका साथ अनायास ही मुझे अपने बचपन मे खीच ले जाता था।

बचपन गाँव मे बीता था। वहाँ गौरैया को हम बहुत नजदीक से देखते थे। गौरय्या पालतू पक्षी नहीं है। अपने मे मस्त, स्वतंत्र विचार, स्वाभिमान से भरी, मोह माया से विरत। दाना चूगना और फुर्र फुर्र उड़ना, चे चे ची ची करना ही उनका काम होता था।

कभी कभी शैतानीवश, हम खाँची(लकड़ी के बनी टोकरी) को डंडी का सहारा देकर एक ओर से उठा देते थे। डंडी मे डोरी बंधी होती थी। खाँची के नीचे चावल के कुछ दाने दाल कर कुछ दूरी पर डोरी को पकड़ कर बैठ जाते। जैसे ही कुछ गौरैय्या खाँची के नीचे दाना चुगने आती, हम झट्ट से डोरी खींच देते। लकड़ी हट जाती और खाँची ढप्प से गिर जाति, एक या दो गौरैया उसके नीचे फंस जाती। शेष ची ची का शोर मचाती दूसरी गौरैया को आगाह करती उड़ जाती। उनके शोर का नतीजा होता की दो चार दिन तक कोई गौरैया हमारे जाल मे नहीं फसती।

जो गौरैया बेचारी फसती उसे हम खाँची के नीचे हाथ डालकर पकड़ लेते। उसकी आंखो मे पहले झाँकते। मौन रहकर उसपर हाथ फेरकर सांत्वना देते की कुछ नहीं होगा तुझे। वह ची ची कर मौन हो जाती परंतु आंखो मे वेदना, नाराजगी, नफरत के सारे भाव होते।

उस गौरय्या को लाल, पीला, या आलता गुलाबी से रंग दिया जाता। जब हमारी रंगीन गौरैया उड़ते हुए झुंड मे दिखती तो सबको बताया जाता "वो वाली गौरैया हमारी है"। वो आज़ाद गौरय्या इन सबसे निःस्पृह उड़ान जारी रखती। रंगी हुई गौरया फिर जाल मे दोबारा नहीं फसती।

चुनमुन से नजदीकी महसूस करने लगा था। उसे भी मेरी उपस्थिती की आदत पड़ गयी थी, मेरी गंध, शारीरिक क्रियाओ को अहानीकर समझ नजरंदाज कर देती थी। अब उसे मेरे हिलने डुलने से दिक्कत नहीं होती थी। मै कई बार आईने के पास जाकर खड़ा हो जाता दोनों गौरैया को निहारता, परंतु चुनमुन का सारा ध्यान आईने वाली गौरय्या पर ही केन्द्रित रहता ।

एक दिन मुझे शैतानी सूझी मैंने टेबल को हटा दिया। उसके आने का समय हुआ मै जाकर आईने के पास खड़ा हो गया। चुनमुन अंदर आई, कमरे मे परिवर्तन देख खिड़की से बाहर लौट गई। थोड़ी देर बाद फिर लौटी इस बार वह अधिक समय तक कमरे मे रुकी। तीसरी बार फिर आई और इस बार मेरे कंधे पर बैठ गई। मुझसे कोई मतलब न रखते हुए चुनमुन और गौरय्या का वार्तालाप शुरू हो जाता।

धीरे धीरे वह मेरे कंधे, हाथो और सिर पर बैठने लगी। जब वह मेरे ऊपर बैठती तो मै उसको 'चुनमुन' 'चुनमुन' बुलाता रहता उसे उसका नाम याद कराना चाहता था।

एक दिन मैंने उसे हाथो से पकड़ लिया। चुनमुन के आंखो मे भी वही भाव थे जो बचपन मे पकड़ी गौरय्या की आंखो मे हुआ करते थे। मैंने उसे सुर्ख लाल रंग से रंग दिया। पशु पक्षियो को केवल सफ़ेद और काला रंग ही दिखता है इसलिए इन्हे रंगो से कोई फर्क नहीं पडता। आसानी से अपने झुंड मे घुले मिले रहते है।

चुनमुन लाल हो गई थी। मेरा काम हो गया था, मैंने उसे छोड़ दिया । चुनमुन फुर्र से उड़ गई। अब मै चुनमुन को बाहर मिलने पर भी पहचान सकता था बचपन की तरह और उसपर अपना होने हक़ जाता कर सबको चकित कर सकता था।

मुझे कभी कभी चुनमुन का झुंड दिख जाता था । मै चुनमुन को आवाज देता 'चुनमुम' ' चुनमुन' और चुनमुन मेरे पास आ जाती, मेरे आस पास फुदकती, चहचहाती, लेकिन एक निश्चित दूरी बनाकर रखती फिर उड़ जाती। घर से बाहर वह मेरे ऊपर या मेरे हाथो पर आकार नहीं बैठती। यह सिलसिला चुपचाप ऐसे ही चलता रहा। दुनिया को हमारे संबंधो की कानोकान खबर नहीं हुई।

मेरा चयन रेल्वे मे हो गया। महानगर मे पोस्टिंग मिली। नए स्थान पर भोजन और रहने की व्यस्व्था पूरी होते ही फिर चुनमुन याद आई। मै पहली ही फुर्सत मे बाज़ार गया एक बड़ा से आईना खरीदा और खिड़की के पास रख दिया।

मैं फिर किसी गौरय्या को अपने प्रेमजाल मे फसाना चाहता था। किसी गौरया को अपने रंग मे रंगकर चुनमुन बनाना चाहता था ।

दो महीने हो गए कोई गौरय्या नहीं आई।

मै स्वयं शहर मे गौरय्या दुंढ्ने निकल पड़ा। सारा शहर रंग बिरंगे कपड़ो से अटा पड़ा था, कही कोई गौरय्या नहीं थी।

18-4-2016 सतीश, गुरुग्राम, हरियाणा

चंद्रेश विमला त्रिपाठी

चंद्रेश विमला त्रिपाठी

सतीश जी आपके प्रस्तुतिकरण का जवाब नहीं ! शैली उत्कृष्ट है ! बधाई ! साथ ही गुडगाँव को गुरुग्राम कहना भी अच्छा लगा !

19 अप्रैल 2016

1
रचनाएँ
सतश
0.0
मेरा संसार

किताब पढ़िए

लेख पढ़िए