
नई दिल्ली: भाजपा नेता और केंद्रिय मंत्री महेंद्रनाथ पांडे ने एक बार फिर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधा है। केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडे ने प्रियंका गांधी का मज़ाक उड़ाते हुए कहा कि वे फैंसी बर्तन की तरह हैं, जिन्हें कांग्रेस ने यूपी विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को लुभाने के लिए बाहर निकाला है। यूपी के हमीरपुर में चुनाव प्रचार करते हुए केंद्रीय मानव संशाधन विकास राज्य मंत्री पांडे ने कहा, ‘यूपी के गांवों के घरों में हम लोग स्टील के कुछ विशेष बर्तन रखते हैं। जब कोई स्पेशल गेस्ट हमारे घर पर आते हैं, तो हम उन्हें साफ करते हैं और खाने की टेबल पर रखते हैं। जब वे चले जाते हैं तो उन्हें वापस रख देते हैं। जब भी चुनाव आते हैं, कांग्रेस प्रियंका गांधी को बाहर निकाल लेती है और बाद में उसे वापस अंदर कर देती है। चुनाव में प्रियंका का कोई असर नहीं पड़ेगा।’
इससे पहले यूपी के भाजपा के नेता विद्यासागर सोनेकर ने प्रियंका गांधी को ‘पुरानी फाइल’ बताया था। गाजीपुर जिले के सैदपुर विधानसभा सीट से बीजेपी के प्रत्याशी और प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर कहा था, ‘जब भी चुनाव नज़दीक आता है कांग्रेस प्रियंका गांधी को धो-पोछकर जनता के आगे कर देती है। कांग्रेस प्रियंका को चुनावों में इस्तेमाल करती है और फिर बाद में काम हो जाने के बाद दफ्तरों में दाखिल कर देती है।’
इसके साथ ही विद्यासागर ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा था कि यूपी में अखिलेश और राहुल की जोड़ी शहजादों की जोड़ी है और कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी पुरानी फाइल है। जिस एक्सप्रेस-वे पर प्लेन उतारने की बात कह रहे थे, उसी एक्सप्रेस वे पर नवनीत सहगल की कार ऐसी दौड़ी की वे अस्पताल पहुंच गए।
इससे पहले भाजपा सांसद विनय कटियार भी प्रियंका गाँधी वाड्रा को लेकर विवादित टिप्पणी कर चुके हैं जिसमें उन्होनें प्रियंका गाँधी की ख़ूबसूरती का ज़िक्र बेफ़िज़ूल ही कर दिया था, जिसके बाद उनकी चौतरफ़ा आलोचना हुई और पार्टी ने भी उनसे किनारा कर लिया था। कटियार ने उसके बाद अपनी ही मंत्री स्मृति इरानी की भी ख़ूबसूरती का ज़िक्र किया जिसपर स्मृति ने समय आने पर जवाब देने की बात कही थी।