
नई दिल्लीः यह दूसरा मौका है जब यूपी में सपा सरकार में किसी बर्खास्त मंत्री को सेट करने के लिए मंत्रिमंडल विस्तार हो रहा। जब जून में सातावं विस्तार हुआ था तो उसकी वजह बर्खास्त मंत्री बलराम यादव थे। अखिलेश यादव ने उन्हें पिता के दबाव पर फिर से मंत्रिमंडल में शामिल करने के लिए विस्तार किया था। अब गायत्री की बर्खास्तगी पर पार्टी के अंदर ही हाय-तौबा मची तो फिर से अखिलेश को कलेजे पर पत्थर रखकर मंत्रिमंडल विस्तार के नाम पर मंत्री पद देना पड़ रहा है। आज सोमवार को राजभवन में आयोजित समारोह में थोड़ी देर में आठवें मंत्रिमंडल विस्तार मूर्तरूप ले लेगा। विस्तार के लिए अखिलेश यादव ने रविवार की शाम राज्यपाल राम नाईक से मुलाकात की थी।
ये नए मंत्री लेंगे शपथ
बर्खास्त मंत्री गायत्री प्रजापति, शिवकांत ओझा, मनोज पांडेय और जियाउद्दीन रिजवी। वहीं अभिषेक मिश्रा, हाजी रियाज सहित तीन मंत्रियों का प्रमोशन होना है। बता दें कि बीते 12 सितंबर को अचानक अखिलेश यादव ने खनन मंत्री गायत्री प्रसाद और पंचायतीराज मंत्री राजकिशोर सिंह को बर्खास्त कर दिया था। जिसके बाद पार्टी के अंदरखाने ही जबर्दस्त कलह मच गई। मुलायम सिंह यादव की नाराजगी के बाद अखिलेश यादव को फिर से गायत्री प्रसाद को मंत्री बनाने के लिए आठवां मंत्रिमंडल विस्तार करने के लिए मजबूर होना पड़ा। जबकि सातवें विस्तार को आखिरी माना जा रहा था।