नई दिल्लीः ज्ञान - विज्ञान , कला की दुनिया हो या फिर बिजनेस। हर जगह भारतीयों की प्रतिभा का जवाब नहीं। सात समंदर पार अमेरिका में तमाम भारतीयों ने झंडे गाड़ रखे हैं। खास बात है कि यहां के अमीरों में कई भारतीय नाम शुमार हैं। बिजनेस की दुनिया में प्रतिष्ठित फोर्ब्स पत्रिका ने अमेरिका के अमीरों की सूची तैयार की तो उसमें पांच भारतीयों को जगह मिली है। चार सौ अमीरों की इस सूची में माइक्रोसाफ्ट के सह संस्थापक बिल गेट्स लगातार 23 वें साल भी सूची में नंबर वन पर कायम हैं। बिजनेस मैग्जीन फोर्ब्स का अमेरिका के न्यूयार्क से साप्ताहिक प्रकाशन होता है।
इन भारतीय मूल के लोगों को मिली जगह
अमेरिका में सबसे रईस लोगों की सूची में सिंफनी टेक्नोलोजी के रमेश वाधवानी, विमान इंडस्ट्री के राकेश गंगवाल, जॉन कपूर, सिलिकन वैली निवेशक कवितर्क राम श्रीराम, आउटसोर्सिंग फर्म सिनटेल के सहसंस्थापक भरत नीरज देसाई शामिल हैं।
भारतीयों में बाधवानी टॉप पर
खास बात है कि वाधवानी भारतीयों में सबसे ऊपर हैं। उन्हें सूची में 222 वें नंबर रखा गया है। उनकी संपत्ति करीब तीन अरब डॉलर है। जबकि देसाई 274 वें नंबर पर हैं। उनकी संपत्ति 2.5 अरब डॉलर, 2.2 अरब डॉलर के साथ गंगवाल 321 वें नंबर पर तो कपूरी 2.1 अरब डालर के साथ 335 वें स्थान पर काबिज हुए हैं। इसी तरह श्रीराम को पत्रिका ने 361 वें स्थान पर रखा है। उनकी संपत्ति 1.9 अरब डॉलर है।