
चंडीगढ़ः चंडीगढ़ के यातायात महकमे ने ट्रैफिक सुधार के लिए नई पहल शुरू की है। अगर आपके बच्चे की उम्र दस साल से कम है और वह शहर की सड़कों पर फर्राटे से साइकिल चलाते पाया जाता है तो इसे ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन मानते हुए उसका चालान काट दिया जाएगा।
इस चालान की राशि 300 से 500 रुपए तक हो सकती है। चंडीगढ़ देश का ऐसा पहला शहर होगा, जहां अब साइकिल चालक का भी चालान काटा जाएगा।
शहर में बढ़ती दुर्घटनाओं के मद्देनजर चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से नगर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए नगर निगम को नए साइकिल बाइलॉज बनाने को कहा गया है। स्मार्ट सिटी चंडीगढ़ में नए बाइलॉज के मुताबिक साइकिल ट्रैक पर साइकिल नहीं चलाने और रेड लाइन जंप करने पर बाकायदा चालान काटने की तैयारी की जा रही है।
साइकिल के अलावा इनमें रिक्शा चालक, लोडिंग रिक्शा चालक और घोड़ा गाड़ी चालकों को भी शामिल किया गया है। इन लोगों को साइकिल-रिक्शा आदि सड़क पर बने साइकिल ट्रैक पर ही चलाने होंगे। अगर रिक्शे या रेहड़ी नगर निगम के पास रजिस्टर्ड नहीं है तो उन्हें जब्त कर लिया जाएगा। किसी दूसरे राज्य की साइकिल, रेहड़ी, रिक्शा या घोड़ा गाड़ी चंडीगढ़ से गुजरती है तो उन पर भी यह नियम लागू होंगे।