
नई दिल्ली : टेलीकॉम कंपनियों में छिड़ा वॉर ख़त्म होने का नाम नही ले रहा है और अब एक नया वॉर जापान की सबसे बड़ी टेलीकॉम कपनी 'एनटीटी डोकोमो' और भारत की 'टाटा संस' के बीच छिड़ गया है। एनटीटी डोकोमो ने टाटा से 1.2 अरब की वसूली के लिए अमेरिका की एक अदालत का दरवाजा खटखटाया है। इससे पहले टाटा और डोकोमो का भारत में अनुबंध था और जब दोनों अलग हुए तो डोकोमो ने टाटा पर आरोप लगाया कि इससे उसको बड़ा नुकसान पहुंचा है और वह इसकी भरपाई के लिए 1.2 अरब डॉलर का मुवावजा चाहता है।
अंतराष्ट्रीय पंचाट ने अनुबंध उल्लंघन के डोकोमो के दावे को सही माना और टाटा से येह राशि चुकाने को कहा। वहीँ टाटा संस ने कहा है कि वह भारत और अन्य देशों में इस निर्णय को चुनौती देगी, क्योंकि भारतीय कानून और सार्वजनिक नीति के तहत वह अपने संयुक्त उद्यम में अनुबंध उल्लंघन मामले में पूर्व में तय मूल्य पर डोकोमो के शेयरों की खरीद पर क्षतिपूर्ति अदा नहीं कर सकती है।
अब जापान की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी ने लंदन की मध्यस्थता अदालत (एलसीआईए) के आदेश को लागू करवाने के लिए न्यूयार्क के दक्षिण जिले की अमेरिकी जिला अदालत में अपील की है। डोकोमो ने चेतावनी दी है कि वह इस मामले को दुनिया की अन्य अदालतों तक भी लेकर जाएगा। अब यह नया युद्ध न्यूयार्क कोर्ट, लन्दन कॉमर्शियल कोर्ट और दिल्ली हाईकोर्ट में चलेगा।