य' शाम है
कि आसमान खेत है पके हुए अनाज का।
लपक उठीं लहू-भरी दरातियाँ,
कि आग है
धुआँ धुआँ
सुलग रहा
गवालियार के मजूर का हृदय।
कराहती धरा
कि हाय मय विषाक्त वायु
धूम्र तिक्त आज
रिक्त आज
सोखती हृदय
गवालियार के मजूर का।
गरीब के हृदय
टँगे हुए
कि रोटियाँ लिये हुए निशान
लाल-लाल
जा रहे
कि चल रहा
लहू-भरे गवालियार के बाजार में जुलूस
जल रहा
धुआँ धुआँ
गवालियार के मजूर का हृदय।