गांधी-शास्त्री जयंती: बापू के बर्थडे पर अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस भी होता है, दोनों महापुरुषों को नमन🙏💐
Gandhi And Shastri Jayanti 2023: आज (02 अक्टूबर 2023) महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती है। पूरा देश दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दे रहा है। दिल्ली में राजघाट और विजय घाट पर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि देने नामी हस्तियां पहुंच रही हैं। आज कई सरकारी व निजी कार्यक्रम होंगे। कई राज्यों में आज स्कूल खुले रहेंगे। 2 अक्टूबर 1869 को गुजरात के पोरबंदर में मोहनदास करमचंद गांधी का जन्म हुआ था। दक्षिण अफ्रीका से 1915 में भारत लौटे गांधी ने स्वाधीनता संग्राम का नेतृत्व किया। गांधी के जन्मदिन को देश अब राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाता है। वहीं, सादगी और ईमानदारी की मिसाल कहे जाने वाले शास्त्री जी का जन्म 2 अक्टूबर 1904 को बिहार के मुगलसराय में हुआ। वह जवाहरलाल नेहरू के बाद भारत के दूसरे प्रधानमंत्री बने।
गांधी और शास्त्री हमें प्रेरित करते हैं'
गांधी जयंती और शास्त्री जयंती पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने कहा, 'राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सिर्फ भारत ही नहीं पूरे विश्व में अपनी प्रासंगिकता को बनाए रखेंगे। उनका पूरा जीवन सिर्फ लोगों के लिए ही रहा है... लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान, जय किसान का नारा दिया... यह दोनों विभूतियां हमें सच्चे मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती हैं।'
गांधी और शास्त्री जयंती आज; राजघाट पर PM मोदी ने दी बापू को श्रद्धांजलि, लाल बहादुर शास्त्री को भी किया याद।
महात्मा गांधी के साथ ही देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की भी जयंती है। प्रधानमंत्री मोदी ने विजय घाट में शास्त्री जी को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर विनय सक्सेना और दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी भी मौजूद रहीं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विजय घाट में देश के पूर्व प्रधानमंत्री शास्त्री जी को श्रद्धासमुन अर्पित किए।
PM ने कहा, 'मैं लाल बहादुर शास्त्री जी को उनकी जयंती पर याद करता हूं. उनकी सादगी, राष्ट्र के प्रति समर्पण और 'जय जवान, जय किसान' का उनका उद्घोष आज भी पीढ़ियों को प्रेरणा देता है. भारत की प्रगति में उनका असीम योगदान और चुनौती भरे वक्त में उनका नेतृत्व उदाहरण के योग्य है. हम उनके सशक्त भारत के विचार को हमेशा पूरा करने की दिशा में काम करते रहें।'