चल रे चल!
अडिग! अचल!
घन गर्जन, हिम वर्षण!
तिमिर सघन, तड़ित पतन !
शिर उन्नत, मन उन्नत !
प्रण उन्नत, क्षत विक्षत !
रुक न विचल!
झुक न विचल!
गति न बदल !
अनिल ! अनल!
चल रे चल!
चिर शोषण, चिर दोहन!
रक्त न तन, बुझे नयन !
बड़वानल ! जल जल जल!
जगती तल कर उज्ज्वल
करुणा जल
ढल ढल ढल!
सत्य सबल!
आत्म प्रबल!
चल रे चल!
कर बंधन, उर बंधन !
तन बंधन, मन बंधन !
अविचल रण, अविरल प्रण!
शत शत व्रण, हों क्षण क्षण!
शिर करतल!
जय करतल!
बलि करतल!
बल करतल!
बल भर बल!
चल रे चल!