Election 2024: अयोध्या में भव्य राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही भाजपा अपने चुनावी मिशन में जुट गई है। 25 जनवरी को इसने लोकसभा चुनाव के लिए थीम सॉन्ग जारी कर दिया, जिसमें राम मंदिर का जिक्र किया गया है।
देश में भले ही लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान नहीं हुआ है, लेकिन इसके पहले ही सियासी सरगर्मी तेज हो चुकी है। बीते दिन बिहार की सियासत ने एक बार फिर करवट बदली और जदयू महागठबंधन को छोड़कर एनडीए में शामिल हो गई। रविवार को नीतीश कुमार ने नौवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही भाजपा ने कहा है कि आगामी लोकसभा में एनडीए सभी 40 सीटों पर जीत दर्ज करेगा।
इससे पहले सियासी जानकर इंडिया गठबंधन के अगुआ नीतीश कुमार को बिहार में भाजपा के लिए चुनौती मान रहे थे। हालांकि, ताजा घटनाक्रम से सारे समीकरण बदल चुके हैं। एक ओर जहां राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद भाजपा अपने चुनावी प्रचार को धार देने में जुट गई है तो वहीं दूसरी ओर घटक दलों के अलग होने के साथ इंडि गठबंधन भी कमजोर होता जा रहा है।