
गर्मी के मौसम में खानपान को लेकर बेहद सतर्कता बरतनी पड़ती है। अगर इस तपिश भरे मौसम में खानपान में लापरवाही हो तो पेट में गैस की समस्या शुरू हो जाती है। यह गैस की समस्या व्यक्ति को काफी बैचेन कर देती है। इसके कारण गैस के चलते पेट में भारीपन व दर्द, आंखों में जलन, उल्टी आने का अहसास होना और सिर में दर्द तक होता है। तो चलिए आज हम आपको पेट में गैस की समस्या को दूर करने के लिए कुछ घरेलू उपाय बता रहे हैं-
बेकिंग सोडा का कमाल
बेकिंग सोडा कई तरह की छोटी-बड़ी समस्याओं को झट से दूर करता है। पेट में गैस की समस्या भी इन्हीं में से एक है। बेकिंग सोडा एक प्रकार से एंटासिड की तरह काम करता है। इसके सेवन से पेट में एसिड का स्तर सामान्य हो सकता है। इसके इस्तेमाल के लिए बेकिंग सोडा को पानी में अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद यह पानी पी जाएं।
एलोवेरा का इस्तेमाल
एलोवेरा कई तरह के औषधीय गुणों से युक्त है। सौंदर्य से लेकर सेहत समस्याओं में यह बेहद प्रभावी है। अगर आपको पेट में गैस हो गई है तो एलोवेरा का सेवन करें। एलोवेरा में एंटीइंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो पेट की अंदरूनी परत में आई सूजन को कम करने में मदद करते हैं। दो चम्मच एलोवेरा जेल लेकर उसे एक गिलास पानी में मिलाएं। अब आप इसका सेवन करें। आप दिनभर में एक-दो गिलास पी सकते हैं।
नारियल पानी
गर्मी में नारियल पानी अमृत समान है। यह न सिर्फ शरीर में पानी के स्तर को बनाए रखता है, बल्कि इससे शरीर को ठंडक भी मिलती है। साथ ही इसमें एंटीइंफ्लेमेटरी गुण होता है, जो गैस के कारण पेट में आई सूजन को कम कर सकता है। आप इसका सेवन किसी भी समय कर सकते हैं।
गैस दूर करे ग्रीन टी
ग्रीन टी में कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर पर विभिन्न तरह से काम करते हैं। खासतौर से, इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट पेट की अंदरूनी परत पर असर डालते हैं। इससे गैस की समस्या धीरे-धीरे कम होने लगती है। वैसे वैज्ञानिक तौर पर इस बात की भी पुष्टि की गई है कि ग्रीन टी पेट के कैंसर में भी कारगर साबित हो सकती है। इसके लिए एक कप पानी को पहले गर्म करें। अब इसमें शहद डालकर मिक्स कर लें। इसके बाद पानी में ग्रीन टी बैग डालकर कुछ देर के लिए छोड़ दें। अब आप इसक सेवन कर सकते हैं।
औषधि है अदरक
अदरक का प्रयोग यूं तो सुबह की चाय से लेकर सब्जी में किया जाता है। लेकिन अगर आप इसका प्रयोग सही तरह से करते हैं तो इससे पेट में गैस को दूर किया जा सकता है। अदरक में एंटीबैक्टीरियल और एंटीइंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो हेलिकोबैक्टर पाइलोरी नामक संक्रमण के कारण पेट में होने वाली सूजन को कम करने में सक्षम हैं। इसके सेवन के लिए अदरक के टुकड़े को कुछ देर तक चबाएं। फिर पानी की मदद से इसे निगल जाएं। अगर अदरक का सेवन करना आपके लिए संभव नहीं है तो आप एक कप गर्म पानी में अदरक का पाउडर, सेंधा नमक, एक चुटकी हींग मिक्स करें और उसका सेवन करें।
नारियल तेल
नारियल तेल को अगर भोजन में शामिल किया जाए तो इससे पेट में गैस व अन्य कई स्वास्थ्य समस्याओं को आसानी से दूर किया जा सकता है। नारियल के तेल में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट गुण पेट की अंदरूनी परत पर गैस के ऑक्सिडेटिव स्ट्रेस को कम करने में मदद करते हैं। इतना ही नहीं, नारियल तेल में एंटीइंफ्लेमेटरी गुण भी होते हैं, जो गैस के कारण पेट में आई सूजन को कम कर सकते हैं।
दही का सेवन
गर्मी के दिनों में भोजन में दही को अवश्य शामिल करना चाहिए। आप चाहे तो इसे यूं ही खाएं या फिर इसका रायता बनाकर सेवन करें। दही में प्रोबायोटिक गुण होते हैं। वैज्ञानिक शोध से यह साबित हुआ है कि गैस्ट्रिक अल्सर और हेलिकोबैक्टर पाइलोरी पर प्रोबायोटिक प्रभावी तरीके से काम करता है।
शहद आएगा काम
पेट में गैस की समस्या होने पर दो चम्मच शहद को एक गिलास गर्म पानी में अच्छी तरह मिक्स कर लें। हर सुबह इस पानी को खाली पेट पिएं। ऐसा करने से गैस की समस्या तो दूर होती है ही, साथ ही व्यक्ति को अन्य भी कई तरह के लाभ प्राप्त होते हैं। अगर आप वजन कम करना चाहते हैं तो इसमें नींबू भी निचोड़ सकते हैं।
जीरा पानी
जीरा पेट की समस्याओं के लिए बेहद प्रभावी माना गया है। जीरे में एंटीइंफ्लेमेटरी और एंटीबैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं। इन गुणों के कारण ही यह गैस व पेट की अन्य बीमारियों में रामबाण की तरह काम करता है। इसके इस्तेमाल के लिए पहले आप जीरे को हल्का भूनकर उसे मोटा पीस लें। फिर पानी को गर्म करें और उसमें इस पाउडर को मिक्स करें। आप भोजन करने के बाद इस पानी का सेवन कर सकते हैं।