अगर सुबह उठकर व्यक्ति का पेट ठीक से साफ न हो तो पूरा दिन ही खराब हो जाता है। न तो काम में मन लगता है और शरीर में भी अजीब सी बैचेनी होती है। लेकिन आमतौर पर, जिस तरह से लोगों की खानपान की आदतें व खानपान में अनियमितता है, उसके कारण पाचन प्रक्रिया संबंधी कई तरह की समस्याएं पैदा होती हैं। इन्हीं में से एक है कब्ज की समस्या। कब्ज सुनने में भले ही आम लगे, पर वास्तव में यह उतना भी आम नहीं है। पेट ठीक से साफ न होने की स्थिति में या शौच जाने के लिए अत्यधिक जोर लगाने पर कई तरह की अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी पैदा होने लगती हैं। इसलिए यह जरूरी है कि कब्ज होने पर उसे नज़रअंदाज न किया जाए बल्कि उसका सही तरह से उपचार किया जाए। तो चलिए आज हम आपको ऐसे कुछ उपाय बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप बेहद आसानी से कब्ज की समस्या से राहत पा सकते हैं-
मुनक्का
मुनक्का खाने में बेहद ही स्वादिष्ट होने के साथ-साथ कई तरह की बीमारियों में कारगर मानी गई है। अगर किसी व्यक्ति को कब्ज की समस्या है तो वह इसका सेवन कर सकता है। इसके लिए हर रात सोने से पहले सात-आठ मुनक्का खाकर सोएं। वहीं अगर आप किशमिश का सेवन कर रहे हैं तो इसे कुछ देर पानी में भिगोएं और फिर इसका सेवन करें। यह उपाय भी काफी लाभकारी है।
शहद
शहद के गुणांे से तो हर कोई वाकिफ है। ब्यूटी से लेकर हेल्थ समस्याओं में इसका प्रयोग किया जाता है। यहां तक कि कई तरह की दवाईयों के निर्माण में भी इसका इस्तेमाल किया जाता है। अगर आपको कब्ज की शिकायत है तो रात को सोने से पहले एक गिलास गुनगुने पानी में एक चम्मच शहद मिलाकर पीएं। बेहद जल्द आपको परिणाम दिखने लगेंगे।
काम आएगा नींबू
नींबू सिर्फ वजन ही नहीं घटाता, बल्कि पेट भी साफ करता है। इसमें मौजूद तत्व विषाक्त पदार्थों को शरीर से बाहर निकालने में आपकी मदद करेगा। अगर आप खुलकर शौच नहीं कर पाते तो प्रतिदिन सुबह खाली पेट पानी में नींबू और काला नमक मिलाएं। उसके बाद अगर आप शौच जाते हैं तो यकीनन पेट ठीक तरह से साफ होगा। वैसे आप चाहें तो लेमन टी का सेवन भी कर सकते हैं।
यूं बनाएं चाय
सुबह उठकर चाय पीना अधिकतर लोगों की आदत होती है, लेकिन इससे पेट में गैस, एसिडिटी व कब्ज की शिकायत होती है। शायद आपको पता न हो लेकिन चाय की मदद से कब्ज दूर भी किया जा सकता है। इसके लिए पुदीना व अदरक को मिलाकर चाय बनाएं। इससे आपको जरूर फर्क नजर आएगा।
पपीते का सेवन
पपीता एक ऐसा फल है जो कब्ज की समस्या को दूर करने में काफी मददगार है। जिन लोगांे को अक्सर कब्ज की शिकायत रहती है, उन्हें नियमित रूप से पपीते का सेवन करना चाहिए। वैसे पपीते के अतिरिक्त आलूबुखारा भी कब्ज को दूर करने में बेहद उपयोगी है। दरअसल, आलूबुखारे में मौजूद फाइबर के कारण कब्ज से आराम मिलता है। वहीं अगर अंगूर के रस का सेवन किया जाए तो इससे भी पेट आसानी से साफ होता है।
अंजीर का प्रयोग
कब्ज को दूर करने में अंजीर का प्रयोग करना एक अच्छा विचार है। इसमें मौजूद फाइबर के कारण इसके कब्ज के उपचार के लिए उपयोगी माना गया है। इसके सेवन के लिए रात में दो या तीन अंजीर पानी में भिगोकर रखें और सुबह इसका सेवन करें। एक महीने तक यह उपचार करने से कब्ज से छुटकारा मिल जाता है।
पालक
इन दिनों पालक बाजार में बेहद आसानी से मिल जाती है। साथ ही इसके मौजूद पौष्टिक तत्व सेहत के लिए बेहद लाभकारी माने गए हैं। खासतौर से, कब्ज होने पर भी इसका सेवन किया जा सकता है। कब्ज से राहत पाने के लिए आप पालक के रस का सेवन करें। हालांकि यह उपचार पथरी के मरीजों के लिए उचित नहीं है।
त्रिफला
त्रिफला पाचन तंत्र के लिए बेहद उपयोगी है। अगर इसका सेवन किया जाए तो इससे पुरानी कब्ज भी ठीक हो जाती है। इसके सेवन के लिए एक लीटर पानी में 20 ग्राम त्रिफला भिगोकर रातभर रखें और सुबह इसका सेवन करें। इससे जल्द की परिणाम देखने को मिलेंगे।
गर्म दूध
दूध हड्डियों को मजबूती देने के साथ कब्ज से भी राहत दिलाता है। इसके लिए आप सोने से पहले एक गिलास गर्म दूध में एक चम्मच घी डालकर इसका सेवन करें।
सौंफ
सौंफ मुंह की दुर्गंध के साथ-साथ बदहजमी व कब्ज के उपचार में कारगर है। इसके लिए सौंफ को पहले सुखाकर उसे भून लें। इसके बाद इसे पीसें व छानकर किसी डिब्बे में रखें। कब्ज से राहत पाने के लिए प्रतिदिन गर्म पानी के साथ आधा चम्मच इस पाउडर का सेवन करें।
फाइबरयुक्त आहार
भोजन में थोड़ा-बहुत बदलाव भी पाचन समस्याओं को दूर करता है। कोशिश करें कि आपका भोजन फाइबरयुक्त हो। इसके अतिरिक्त रात को सोने से पहले गुड़ का सेवन करने से भी कब्ज की समस्या दूर होती है।
बदलें दिनचर्या
कब्ज या पेट की अन्य समस्याओं से बचने के लिए कुछ बातों का बेहद ध्यान रखना आवश्यक है। मसलन, समय पर भोजन करने की आदत डालें। लम्बे समय तक भोजन न करना या भोजन में गैप होने पर पाचनतंत्र प्रभावित होता है। इसके अतिरिक्त घर का बना पौष्टिक खाना ही खाएं और पानी पर्याप्त मात्रा में पीएं। आपको शायद पता न हो लेकिन कम पानी का सेवन या गरिष्ठ व तला भुना भोजन भी कब्ज की एक मुख्य वजह बनता है। इस सभी चीजों के साथ-साथ व्यायाम को भी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। आप शुरूआत टहलने से कर सकते हैं। इसके बाद योगा व अन्य व्यायाम को भी करने का प्रयास करें। व्यायाम कब्ज को दूर करने के साथ-साथ अन्य कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं के लिए लाभकारी होता है। साथ ही व्यायाम आपको लंबे समय तक तंदरूस्त बनाए रखता है।