
सभी फलों में सेब को सबसे अधिक सेहतमंद माना जाता है। कहा भी जाता है कि “एन एप्पल ए डे, कीप्स द डॉक्टर अवे” यानि एक सेब रोज खाने वाले व्यक्ति को कभी डाॅक्टर के पास जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। सेब से व्यक्ति को कई तरह के पोषक तत्व, एंटीऑक्सीडेंट व फाइबर आदि प्राप्त होता है। इसमें मौजूद पोषक तत्व कैंसर व मधुमेह जैसी जानलेवा बीमारियों से लेकर तनाव व मोटापा आदि को दूर करता है। तो चलिए जानते हैं सेब खाने से होने वाले कुछ फायदों के बारे में-
बेहतर पाचन तंत्र
अगर आप अपने पाचनतंत्र को बेहतर बनाना चाहते हैं तो सेब का सेवन अवश्य करें। दरअसल, इसमें फाइबर उच्च मात्रा में पाया जाता है, जो न सिर्फ बाउल मूवमेंट को बेहतर बनाता है, बल्कि इससे पूरा पाचनतंत्र बेहतर तरीके से काम करने लगता है।
चमकाए दांत
जो लोग दांतों के पीलेपन के कारण परेशान है और अपने दांतों को नेचुरली व्हाइट करना चाहते हैं, उन्हें भी सेब का सेवन नियमित रूप से करना चाहिए। दरअसल, जब आप सेब खाते हैं तो उससे निकलने वाला रस आपके दांतों को सफेद बनाने में मदद करता है। इस प्रकार अगर नियमित रूप से सेब का सेवन किया जाए तो दांतों का पीलापन खत्म हो जाता है।
डायबिटीज में लाभदायक
मधुमेह रोगियों को हमेशा ही अपने खानपान को लेकर सजग रहना पड़ता है। मधुमेह पीड़ित व्यक्ति अधिकतर ऐसी चीजों का सेवन करते हैं जिनका स्वाद उतना अच्छा नहीं होता। लेकिन अगर आप स्वाद के समझौता न करते हुए मधुमेह को नियंत्रित करना चाहते हैं तो सेब का सेवन कीजिए। सेब का सेवन करने से शरीर में टाइप-2 मधुमेह का खतरा कम हो जाता है क्योंकि इसमें मौजूद पोषक तत्व ग्लूकोज की कमी को पूरा करते हैं। शरीर में ग्लूकोज की मात्रा पूरी रहने से आपको इंसुलिन का उपयोग करने की जरूरत भी नहीं पड़ती।
रखे दिल का ख्याल
बदलती जीवनशैली का बोझ अब लोगों के हृदय पर पड़ने लगा है। तभी तो दिल के दौरे से लेकर अन्य गंभीर हृदय रोगों की संभावना बढ़ने लगी है। लेकिन अगर आप सेब का सेवन करते हैं तो हृदय रोगों की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है। इसका कारण यह है कि सेब में घुलनशील फाइबर होते हैं, जो रक्त में खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने और अच्छे कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने में मदद करता है। इसके अतिरिक्त सेब में पॉलीफेनोल्स पाया जाता हैै, जो रक्तचाप को कम ज्यादा होने से नियंत्रित रखता है और साथ ही शरीर में खून की मात्रा को भी कंट्रोल में रखता है।
घटाए वजन
आज के समय में मोटापा एक महामारी बनता जा रहा है। विश्व की अधिकतर जनसंख्या अपना वजन कम करने में लगी हुई है। ऐसे में आप सेब के सेवन से बेहद आसानी से वजन घटा सकते हैं। सेब में उच्च मात्रा में फाइबर पाया जाता है जो वजन कम करने में हमारी मदद करता है। फाइबर से भरपूर होने के कारण सेब आपको भूख नहीं लगने देता और आपके ज्यादा खाना खाने की आदत को भी कम करता करता है।
बढ़ाए खून
यह समस्या अधिकतर भारतीय महिलाओं में देखने को मिलती है। अमूमन महिलाएं एनीमिक होती है और वह अपनी डाइट पर भी ध्यान नहीं देती। लेकिन महिलाओं को दिन में एक या दो सेब तो अवश्य ही खाने चाहिए। सेब में मौजूद आयरन शरीर की आयरन की कमी को पूरा करता है और उन्हें एनीमिक होने से बचाता है।
कैंसर से निजात
आपको शायद जानकर हैरानी हो लेकिन सेब का सेवन करने से कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी को भी मात दी जा सकती है। दरअसल, सेब में कई पोषक तत्व जैसे कैल्शियम, एंजाइम, एंटीऑक्सीडेंट और प्लेविनाइड आदि पाया जाता है जो व्यक्ति में कैंसर की कोशिकाओं को नष्ट करने में मदद करते हैं। सेब पेट, जिगर और फेफड़ों के कैंसर को रोकने में विशेष रूप से लाभदायक है।
दिमाग रखे दुरूस्त
सेब शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों के लिए ही गुणकारी है। सेब के अंदर कई तहर के एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं जो व्यक्ति की याददाश्त को बेहतर बनाते हैं। साथ ही अल्जाइमर जैसी बीमारी को भी दूर रखते हैं।