
अधिकतर भारतीय घरों में लोग भोजन स्वाद के लिए करते हैं। अगर सब्जी का स्वाद अच्छा न हो तो लोग अचार का सेवन करते हैं। कभी-कभी अचार का सेवन करना ठीक है, लेकिन बहुत से लोग नियमित रूप से भोजन में अचार खाना पसंद करते हैं। ऐसे लोग भले ही खाने में स्वाद का लुत्फ उठाते हों लेकिन वास्तव में अपनी सेहत के साथ खिलवाड़ करते हैं। प्रतिदिन अचार का सेवन किसी भी लिहाज से उचित नहीं माना जाता। तो चलिए आज हम आपको प्रतिदिन अचार खाने के कुछ नुकसान के बारे में बताते हैं-
जरूरत से ज्यादा नमक
यह तो हम सभी जानते हैं कि भोजन में आवश्यकता से अधिक नमक सेहत के लिए उचित नहीं होता। इससे कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं खड़ी होती हैं। वहीं, अचार बनाने के लिए अमूमन नमक का प्रयोग काफी ज्यादा मात्रा मंे किया जाता है और अगर आप प्रतिदिन अचार का सेवन करेंगे तो नमक की अधिकता के कारण आपको हाइपरटेंशन, हार्ट डिसीज, किडनी, कैंसर व आॅस्टियोपोरोसिस होने की संभावना काफी हद तक बढ़ जाती है। वहीं ज्यादा मात्रा में अचार का सेवन शरीर में सूजन की समस्या भी पैदा करता है, ऐसा नमक में मौजूद सोडियम के कारण होता है।
तेल का इस्तेमाल
अचार में नमक और तेल की काफी अधिकता पाई जाती है। कहते हैं कि किसी भी चीज की अति क्षति का कारण बनती है। यह नियम तेल पर भी लागू होता है। अगर भोजन में अत्यधिक तेल का प्रयोग हो, तो इससे स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। जरूरत से ज्यादा तेल का सेवन आपका कोलस्टाॅल बढ़ा सकता है। ऐसे में आपको दिल संबंधी बीमारी होने का खतरा भी बढ़ जाता है।
बाजारी अचार
अक्सर घरों में मार्केट से मिलने वाले कई प्रकार के अचार का प्रयोग किया जाता है। अगर आप भी ऐसा ही करते हैं तो संभल जाइए। इस तरह के अचार का नियमित सेवन आपके जीवन को भी खतरे में डाल सकता है। दरअसल, बाजार में मिलने वाले अचार को लंबे समय तक फ्रेश बनाए रखने के लिए केमिकल और प्रिजर्वेटिव्स का प्रयोग किया जाता है, जो सेहत को विपरीत तरीके से प्रभावित करता है।
अल्सर की संभावना
नियमित रूप से अचार का सेवन पेट के लिए बिल्कुल भी अच्छा नहीं माना जाता। ऐसे लोगों को आंत का अल्सर होने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। इसलिए अचार का सेवन जरा सोच-समझकर ही करें। वहीं अचार का अत्यधिक सेवन पाचनतंत्र को भी प्रभावित करता है। अचार को बनाने में तेल का इस्तेमाल भी बहुत ज्यादा किया जाता है। इससे शरीर में ट्राइग्लिसराइड का स्तर बढ़ता है जो पेट से जुड़ी समस्याओं का कारण बनता है।
कैंसर की चपेट में
आपको जानकर हैरानी हो लेकिन अचार के दीवाने लोग कैंसर की चपेट में जल्द आ जाते हैं। नियमित रूप से अचार का सेवन करने से कैंसर का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। कैंसर के मरीजों पर हुए एक अध्ययन में यह बात सामने आई कि लगभग 77 प्रतिशत मरीज सप्ताह में चार बार से भी ज्यादा अचार का सेवन करते थे। यह अध्ययन साबित करता है कि कि अचार के अत्यधिक सेवन से पेट का कैंसर होने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
मधुमेह रोगियों के लिए घातक
जो लोग डायबिटीज पीड़ित है, उनके लिए भी अचार अच्छा नहीं माना जाता। दरअसल, बाजार में मिलने वाले अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए प्रिजर्वेटिव्स का इस्तेमाल किया जाता है और कभी-कभी तो अचार को प्रिजर्व करने के लिए चीनी का इस्तेमाल भी किया जाता है। इस लिहाज से मधुमेह पीड़ित रोगियों के लिए अचार का सेवन उचित नहीं है।
ज़रा गौर फरमाएं
हम यह नहीं कह रहे कि व्यक्ति को अचार बिल्कुल नहीं खाना चाहिए। बस हेल्दी रहने के लिए कुछ बातों का विशेष ध्यान रखें। उदाहरण के तौर पर, बाजार में मिलने वाले अचार के स्थान पर घर के बने अचार को ही प्राथमिकता दें। वहीं अचार खाना अपनी आदत न बनाएं। इसे महज स्वाद के लिए रहने दें। इसे आप कभी-कभी और सीमित मात्रा में ही खाएं ताकि यह आपकी सेहत को किसी तरह का नुकसान न पहुंचाए।