- गाय के जन्मदिन पर मंगाया 10 किलो का एगलेस केक, पूरे इलाके में बांटा|
समाज के लिए अत्यंत प्रेरणाप्रद खबर आई है, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हापुड़ शहर से| हापुड़ शहर के सिकन्दर गेट में रहने वाले एक मुस्लिम परिवार ने अपनी गाय "जूली" का जन्मदिन धूमधाम से मनाया और उसके जन्मदिन की पार्टी में 40,000 रुपए खुशी-खुशी खर्च कर दिए। अपनी गाय “जूली” के जन्मदिन पर परिवार ने 10 किलो का एगलेस केक का ऑर्डर किया था और उसको बर्थ-डे कैप भी पहनायी थी। गाय के मालिक इरशाद बताते हैं कि, "जूली” और उसकी मां “भोली” हमारे परिवार की सदस्य हैं, हम उनका वैसे ही ध्यान रखते हैं, जैसे अपने बच्चों का रखते हैं। ये “जूली” का पहला जन्मदिन था, इसलिए हमने पहले से ही इसे भव्य-तरीके से मनाने की योजना बनायी थी और करीब 100 मेहमानों को इस बर्थ-डे पार्टी में आमंत्रित किया था।" इरशाद आगे बताते हैं कि, "हमने 10 किलो का एगलेस वनीला-केक ऑर्डर किया था, जिस पर दो काऊ-शेप की कैन्डल भी लगी थी| सभी मेहमान भी जूली के लिए उसके पसंदीदा फल गिफ्ट के तौर पर लेकर आए थे।" इरशाद एक केमिकल वेस्ट मैनेजमेन्ट कंपनी में काम करते हैं। इरशाद के पिता हाजी अब्दुल गनी को भी अपनी गायों से बेहद प्यार था। काबिलेगौर है कि उनके परिवार में 40 सालों से गाय पाली जाती रही है। उन्होंने ही 2008 में अपने घर में पैदा होने वाली गायों के नामकरण और उनके जन्मदिन मनाने की परंपरा शुरू की थी| निश्चित रूप से इस परिवार ने गाय का जन्मदिन मनाकर समाज के सामने एक मिसाल पेश की है।
इस सकारात्मक खबर पर कृपया अपनी
प्रतिक्रिया अवश्य दें |